ज्योत्सना,
खूंटी: खूंटी में फिर से पत्थलगड़ी मामले में झामुमो के तोरपा विधायक पौलुस सुरीन ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव से पूर्व भाजपा की ये आदिवासियों को बरगलाने की साजिश है. भाजपा को आदिवासियों का समर्थन चुनाव में नहीं मिलने वाला है. ऐसे में भाजपा और आरएसएस वाले गांव गांव जाकर पत्थलगड़ी की साजिश रच रहे हैं ताकि आदिवासी चुनाव से दूर रहें.
उन्होंने रघुवर सरकार पर इस मामले को कभी गंभीरता से नहीं लेने का भी आरोप लगाया और कहा कि वर्तमान में खूंटी की जनता भाजपा के विरुद्ध हो गयी है. भारतीय जनता पार्टी और सरकार के इशारे पर ग्रामीणों को भड़काने का काम किया जा रहा है. खूंटी में गुजरात से आकर आदिवासियों को बरगलाने का काम किया जा रहा है. जिससे ग्रामीण इलाकों में लोग पत्थलगड़ी के बहाने वोट का बहिष्कार करें और भाजपा आसानी से चुनाव में अपना परचम लहराए.
आज बाहर से खूंटी में खुले मंच में आकर लोगों को भड़काने का काम किया जा रहा है. इस पर सरकार देशद्रोह का मुकदमा नहीं लगा रही है, सरकार सबकुछ जानते हुए भी मौन है. जब बाहर के बरगलाने वाले लोग खूंटी से चले जायेंगे तो स्थानीय लोगों पर सरकार गोली चलवाएगी और देशद्रोह का मुकदमा लगाएगी.

