रांची जिले में अब लोगों को सस्ता प्याज मिल पायेगा. रांची उपायुक्त राय महिमापत रे ने जिले के सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ इसे लेकर बैठक की. बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, मीना, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह, सभी पणन पदाधिकारी, अनुभाजन क्षेत्र, रांची एवं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में उपायुक्त महोदय द्वारा वर्तमान बाजार में प्याज की बढ़ती कीमत को देखते जन वितरण प्रणाली दुकानदार/जन सुविधा केन्द्र के माध्यम से आम जनता को सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध कराये जाने का निदेश दिया गया. इसके लिए रांची जिला के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक जन वितरण प्रणाली दुकानदार को चिन्हित किया गया है. इसके साथ शहरी क्षेत्र में भी 10 डीलरों का चयन किया गया है, जहां से आम जनता को सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध होगा. पीडीएस दुकानों/सुविधा केन्द्रों के माध्यम से प्रत्येक लाभुक को 2 किलोग्राम प्याज सस्ते दर पर उपलब्ध कराया जायेगा.
उपायुक्त ने पंडरा बाजार समिति से थोक मूल्य पर प्याज उठाव कर न्यूनतम लाभ पर सभी चयनित पीडीएस दुकानदार/सुविधा केन्द्रों पर कल से बिक्री सुनिश्चित किये जाने का निदेश दिया.
बैठक में उपायुक्त ने सभी पीडीएस दुकानदारों ने अपने-अपने क्षेत्र में योग्य नागरिकोें का वोटर आईडी कार्ड बनवाने में सहायता करने को कहा. साथ ही उन्होंने कहा कि दिव्यांगों की सूची उपलब्ध करायें ताकि उन्हें लाभ दिलवाया जा सके. साथ ही उन्होंने सभी पीएचएच और एएवाई कार्डधारियों के गोल्डेन कार्ड बनवाने के लिए उन्हें सीएससी तक ले जाने का भी निदेश दिया.

