खनिज संपदा की लूट और ट्रांसफर-पोस्टिंग में लिप्त रहने का आरोप
रवि सिन्हा,
रांची:- झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि इस सरकार को मंत्री और अधिकारी नहीं चला रहे है, बल्कि सत्ता के कॉरीडोर में चलने वाले कुछ बिचौलिया किस्म के कुछ ऐसे लोगहै, जो खनिज संपदा की दलाली से लेकर, ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर जमीन जमीन दलाली में लगे है. ऐसे सत्ताधारी दल के लोग जमीन दलाली करने के साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने के काम में भी जुटे है. दीपक प्रकाश बुधवार को राजधानी रांची में स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि सत्ताधारी दल के लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रांची के नजदीक बहुमूल्य जमीनों पर कब्जा करने में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि रांची के हेहल के नजदीक एक कैलाशपुरी कोऑपरेटिव गृह निर्माण समिति है , जिसका गठन 1983 में बारह एकड़ जमीन पर किया गया था , लेकिन अब उस जमीन पर सरकार के संरक्षण से कब्जा करने का काम किया जा रहा है .उन्होंने कहा कि सरकार में अगर नैतिकता है तो पूरे मामले की जांच करानी चाहिए .
दीपक प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर पार्टी की ओर से लगातार प्रेस कांफ्रेंस कर नाकामियों को बताने का काम किया गया. पार्टी के कई विधायक, पूर्व विधायक , प्रदेश पदाधिकारियों और पूर्व मुख्यमंत्रियों ने हेमंत सोरेन की विफलताओं को गिनाने का काम किया और एक साल के कामकाज पर कई सवाल उठाये, लेकिन इन सवालों का गठबंधन सरकार पर कोई जवाब नहीं था और वे कोई जवाब तक नहीं दे पाये.

