दिल्ली: महाराष्ट्र में आज शाम से लॉकडाउन लगाए जाने की घोषणा हो सकती है. उद्धव ठाकरे सरकार इसकी तैयारियों में जुटी है. वहीं, दिल्ली में भी कोरोना से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. देश के कई राज्यों में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा रही है.
ऐसे में लोगों को पिछली बार की तरह ही फंस जाने का डर सता रहा है. यही कारण है कि प्रवासी मजदूरों में घर वापसी की होड़ मच गई है. रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर प्रवासियों का जमावड़ा लग रहा है. वो लंबी लाइनों में अपनी ट्रेनों और बसों का इंतजार कर रहे हैं.
दिल्ली में पिछले तीन दिनों से 10 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस आ रहे हैं. ऐसे में श्रमिकों को यहां लॉकडाउन लगने का डर सताने लगा है. कुछ श्रमिकों का कहना है कि वो जहां काम कर रहे थे, वहां काम भी घट गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में उन्हें काम भी नहीं मिलेगा.
प्रवासियों को लग रहा है कि जब काम नहीं मिलेगा तो यहां रहने का किराया और खाने का खर्च भी नहीं निकल पाएगा. उन्हें पिछली बार लॉकडाउन में हुई मुश्किलें याद आ रही हैं. इस कारण बिना कोई जोखिम उठाए वक्त रहते घर लौटने लगे हैं.
गुजरात के सूरत से भी लोगों के लौटने का सिलसिला चल पड़ा है. यहां के बस अड्डे पर सैकड़ों श्रमिक अपने अपने घरों के लिए बसों का इंतजार कर रहे हैं.
महाराष्ट्र में अन्य जगहों से भी लोगों के लौटने का सिलसिला चल पड़ा है. लोग ट्रेनों के इंतजार में जमीन पर ही लेट गए हैं.
मुंबई में रेलवे स्टेशन के बाहर प्रवासियों की लंबी लाइन लग गई है.
रेलवे स्टेशन पर लाइन में खड़े प्रवासी श्रमिकों से कोरोना नियम का पालन करने को भी कहा जा रहा है.

