अमेरिका: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि तीन नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के नतीजे आने में हफ्तों या महीनों लग सकते हैं. दरअसल, इस बार अमेरिका में चुनाव मेल-इन बैलट्स से हो रहे हैं.
अमेरिका में इस बात की चिंता है कि डाकघर और स्थानीय चुनाव निकायों में मेल-इन बैलट्स की संख्या में वृद्धि हो सकती है. ट्रंप ने इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए कहा कि चुनाव की रात को आने वाले नतीजों में इस बार देरी हो सकती है.
ट्रंप ने काउंसिल ऑफ नेशनल पॉलिसी में दिए गए भाषण के दौरान कहा, तीन नवंबर को चुनाव की गणना नहीं हो सकती है. उन्होंने कहा, आप इस चुनाव का अंत जानने में सक्षम नहीं हो पाएंगे. मेरी राय में ऐसा हफ्तों, महीनों और शायद कभी नहीं हो पाएगा.
ट्रंप ने कहा, हम पांच करोड़ बैलेट्स के लिए तैयार नहीं हैं. यह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी होगी. लोकतंत्र के लिए यह बहुत गंभीर समस्या है.
बुधवार को चुनाव सुरक्षा के लिए एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता तीन नवंबर के चुनाव के अगले दिन वोटों की संभावित गिनती में बाहरी हस्तक्षेप को लेकर है.

