नई दिल्ली: गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमत में कमी दर्ज की गई है. यानी आज ग्राहकों को एक लीटर पेट्रोल व डीजल के लिए बुधवार के मुकाबले कम पैसे चुकाने होंगे. इससे पहले बुधवार को इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ था.
बुधवार को दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 15 पैसे कम हुई है. वहीं चेन्नई में यह 16 पैसे सस्ता हुआ है. इसके बाद आज एक लीटर पेट्रोल के दाम क्रमश: 71.29, 73.96, 76.98 और 74.07 रुपये हो गए हैं.
दिल्ली में पेट्रोल का भाव पिछले छह महीनों के न्यूनतम स्तर पर है. वहीं डीजल की बात करें, तो दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में एक लीटर डीजल का दाम नौ पैसे कम हुआ है. वहीं चेन्नई में यह 10 पैसे सस्ता हुआ है, जिसके बाद इसका दाम क्रमश: 63.94, 66.27, 66.96 और 67.47 रुपये प्रति लीटर हो गया है. दिल्ली में डीजल का दाम आठ महीनों में सबसे कम है.
बता दें कि प्रति दिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है. सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं. पेट्रोल व डीजल के दाम में कीमत में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बादल इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है.
विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है. इन्हीं मानकों के आधार पर पर पेट्रोल रेट और डीजल रेट रोज तय करने का काम तेल कंपनियां करती हैं.
खुदरा बिकने वाले पेट्रोल और डीजल के लिए जितनी रकम का आप भुगतान करते हैं, उसमें आप 55.5 फीसदी पेट्रोल के लिए और 47.3 फीसदी डीजल के लिए आप टैक्स चुका रहे होते हैं.

