दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लागू हुआ और उसकी वजह से रोजगार का संकट जारी है. लेकिन इसी बीच पिछले करीब 18 दिनों से हर दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं.
अब कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है. मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल पर मार्च निकाला और केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज जब जनता कोरोना के संकट में त्रस्त है, महंगाई बढ़ती जा रही है लोग भूखे मर रहे हैं और केंद्र सरकार ने लगातार 18वें दिन एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है. जैसा मोदी कहते हैं- आपदा में अवसर, उनके लिए कोरोना आपदा में अवसर है पैसा कमाने के लिए.
बुधवार को दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने को लेकर अपना विरोध जताते हुए रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल पर मार्च निकाला. इस दौरान कई नेता मास्क पहने हुए भी दिखे.
आपको बता दें कि जून के महीने में लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं, हाल ये है कि अब डीजल पेट्रोल से महंगा हो गया है. जो कि इतिहास में पहली बार हुआ है.
बुधवार को डीजल के दामों में 48 पैसे की बढ़ोतरी हुई. अब दिल्ली में एक लीटर डीजल की कीमत 79.88 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इस बढ़ोतरी के साथ ही देश के इतिहास में पहली बार डीजल, पेट्रोल से महंगा हो गया है.

