देवघर:- देवघर पुलिस की एसआईटी टीम ने जसीडीह मानिकपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के कर्मी से लूटी गई राशि के साथ लूट कांड को अंजाम देने वाले 4 अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली है.
जिले के पुलिस अधीक्षक अश्वनी सिंह ने बुधवार को बताया कि 22 फरवरी को दिनदहाड़े मोटर साईकिल सवार तीन अपराधियो ने पेट्रोल पंप कर्मी से 961000 रुपये से भरा बैग लूट लिया था और फरार हो गये थे. अपराधियों की गिरफ्तारी केलिए गठित एसआईटी की टीम ने बंगाल के रानी गंज से तीन अपराधियों को पकड़ा और फिर उनकी निशानदेही पर चौथे आरोपी के पास 786500 रुपया बरामद कर लिया. साथ ही तीन मोबाइल एक कार और एक मोटर साईकिल भी जब्त किया. पुलिस ने उस कांड से पर्दा उठा दिया है. ये अपराधी देवघर और बिहार के जमुई जिले के बताए गए हैं.
गिरफ्तार अपराधियों में 25वर्षीय उदय कुमार झा जसीडीह का रहने वाला है, जबकि सौरभ कुमार सिंह उर्फ फुचका उर्फ सूर्यसेन सिंह और दिव्यांशु कुमार सिंह उर्फ पन्ना बिहार के जमुई का रहने वाला है, वहीं 25वर्षीय राजेश कुमार यादव बिहार के बांका जिले का रहने वाला है.

