रांची: झारखंड विधानसभा के दूसरे चरण में किस्मत आजमाने वाले 40 फीसदी युवा प्रत्याशी हैं. 8 प्रतिशत उम्मीदवार 60 साल की उम्र से अधिक के हैं. चुनाव मैदान में 11 फीसदी महिलाएं खड़ी हैं. 51 फीसदी उम्मीदवार स्नातक और उससे अधिक पढ़े-लिखे हैं. यह जानकारी उम्मीदवारों ने अपने शपथ पत्र में दी है. इसके आधार पर एडीआर ने रिपोर्ट तैयार की है.
ये है शैक्षणिक योग्यता-
दूसरे चरण के चुनाव में 260 उम्मीदवार विभिन्न दलों से खड़े हैं. इनमें से 125 यानी 48 प्रतिशत ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं तक बताई है. 133 प्रत्याशी यानी 51 फीसदी ने अपनी शैक्षिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा घोषित की है.
1 उम्मीदवार ने खुद को साक्षर और एक ने निरक्षर घोषित किया है. शपथ पत्र के मुताबिक सबसे अधिक 76 उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक है. इंटर शैक्षणिक योग्यता वाले 62 उम्मीदवार हैं. डॉक्टरेट 6, स्नातकोत्तर 32 और 19 के पास ग्रेजुएट प्रोफेशनल की डिग्री है.
ये है उम्मीदवारों की उम्र-
चुनाव मैदान में खड़े उम्मीदवारों में 104 यानी 40 प्रतिशत की उम्र 25 से 40 साल के बीच है. इसी तरह 131 यानी 50 फीसदी ने अपनी आयु 41 से 60 साल के बीच घोषित की है. 22 उम्मीदवारों की उम्र 61 से 80 साल के बीच है. 3 उम्मीदवारों ने अपनी आयु घोषित नहीं की है.
29 महिलाएं मैदान में-
दूसरे चरण के चुनाव में भी महिलाएं अपनी किस्मत आजमा रही है. रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में 29 महिलाएं चुनाव लड़ रही है. यह उम्मीदवारों की कुल संख्या का करीब 11 प्रतिशत है.

