रांची: पोड़ैयाहाट में नियुक्त छह शारीरिक शिक्षकों को विगत 11 माह से वेतन नहीं मिल रहा है. इनकी नियुक्ति जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी विज्ञापन के माध्यम से हुई थी. वेतन का भुगतान नहीं होने से इन शिक्षकों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. पैसे नहीं होने के कारण कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
वेतन का भुगतान हो इसके लिए सारे शिक्षकों ने डीसी को मांग पत्र भी सौंपा. पर्व-त्योहार भी आ पहुंचा है और पैसे नहीं हैं. कई परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं.
शिक्षकों ने बताया कि अपनी समस्याओं को लेकर सिदो-कान्हू विवि के कुलपति को भी बताया गया. इसके अलावा शिक्षकों ने राज्यिपाल व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ज्ञापन के जरिये अपनी परेशानियां बतायी हैं.
शिक्षकों ने बताया कि वेतन तो नहीं मिल रहा है और हमलोग से कोविड में भी काम लिया जा रहा है. इनकी नियुक्ति डीइओ गोड्डा के पत्रांक संख्या 1572/19 अगस्त 2019 के आधार पर हुई थी.

