रांचीः राजधानी रांची में महिलाओं को सुरक्षित यातायात मुहैया कराने के लिए रांची नगर निगम की तरफ से पिंक सिटी बस सेवा प्रारंभ की गई है. शुक्रवार को इस नई सेवा का उद्घाटन मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय तथा नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने किया. इस सेवा के तहत फिलहाल दो बसों का संचालन किया जाएगा. यह बस सेवा महिलाओं के लिए आरक्षित होगी. कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक इसका संचालन किया जाएगा.
आने वाले दिनों में कांटा टोली, हिनू चौक से लेकर लालपुर तक इस बस सेवा का विस्तार किया जाएगा. वर्तमान में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक के बीच 18 सिटी बसों का संचालन हो रहा था. इसमें 2 नई बसें जोड़ी गई हैं. अब इनकी संख्या 20 हो गई है. पिंक सिटी बस में कंडक्टर से लेकर खलासी तक की भूमिका में महिलाएं होंगी. यह सभी पिंक पोशाक में होंगी. कचहरी से राजेंद्र चौक का भाड़ा 5रुपये निर्धारित किया गया है. इस बस सेवा से शहर की महिलाओं को काफी सहुलियत होगी.

