-
प्रदेश अध्यक्ष व विधायक दल के नेता अभिकर्त्ता व बन्ना गुप्ता अतिरिक्त अभिकर्ता बने
-
मतगणना एजेंट जयप्रकाश गुप्ता मदन मोहन शर्मा एवं सूर्यकांत शुक्ला
रांची: राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के दोनों प्रत्याशी विजयी होंगे इसको लेकर सांगठनिक एवं रणनीतिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. राज्यसभा चुनाव के निमित्त पर्यवेक्षक अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने आज पार्टी विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति बनायी.
पी एल पुनिया ने कल होनेवाले राज्यसभा चुनाव के तैयारी को लेकर आहूत महागठबंधन विधायकदल की बैठक में विधायकों के साथ रणनीतिक चर्चा की.
उन्होंने कहा कि महागठबंधन को राज्य में जनता का प्रचंड आशीर्वाद मिला है पर्याप्त संख्या बल है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बेहतर कार्य कर रही है.
कोरोना संकट से निपटने में झारखंड ने एक उदाहरण पेश किया है, जिसे प्रतिपक्ष भी सराह रहा है. विधानसभा में भाजपा के विरुद्ध चुनाव लड़कर विधानसभा आनेवाले विधायकों की संख्या अधिक है. इसलिए महागठबंधन के दोनों प्रत्याशियों के जीत में कहीं कोई संशय नहीं है. इसलिये हम सबको यकीन है कि विधायकगण महागठबंधन के पक्ष में मतदान करेंगे.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह वित्तमंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम भी लगातार महागठबंधन के उम्मीदवार के प्रति जीत सुनिश्चित करने को लेकर विधायक सहित गठबंधन के नेताओं से संपर्क कर रणनीतिक तैयारियों में लगे हुए हैं.
कल के चुनाव को लेकर एआईसीसी के निर्देशानुसार पार्टी एजेंट प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव एवं विधायक दल के नेता आलमगीर आलम एवं अतिरिक्त पार्टी एजेंट मंत्री बन्ना गुप्ता को बनाया गया है.
चुनाव अभिकर्ता केशव महतो कमलेश, पोलिंग एजेंट राजेश ठाकुर एवं शमशेर आलम को बनाया गया है तथा मतगणना एजेंट जयप्रकाश गुप्ता मदन मोहन शर्मा एवं सूर्यकांत शुक्ला को बनाया गया है.

