चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला अंतर्गत पर्यटन महत्त्व के वैसे स्थल जो पूर्व से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित किया गया है के अतिरिक्त अन्य पर्यटक महत्व वाले स्थल जो जिला में उपलब्ध है परंतु विभाग के द्वारा अधिसूचित नहीं है वैसे पर्यटक स्थलों की सूची विहित प्रपत्र में उपलब्ध करवाने से संबंधित सूचना उप विकास आयुक्त संदीप बक्शी के द्वारा जिले के अनुमंडल पदाधिकारी यथा सदर चाईबासा, चक्रधरपुर-पोड़ाहाट एवं जगन्नाथपुर सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को दिया गया है.
उन्होंने बताया कि क्षेत्रिय पदाधिकारी से प्राप्त प्रतिवेदन के आलोक में समेकित प्रतिवेदन जिला पर्यटन संवर्धन समिति द्वारा किए गए अनुशंसा की प्रति के साथ विभाग को ससमय उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे जिले में पर्यटन क्षेत्रों के विकास को काफी बल मिलेगा.
ज्ञात रहे कि विगत वर्ष में अधोहस्ताक्षरी के अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में जिला अंतर्गत बंदगांव प्रखंड के तीन स्थल, मंझारी प्रखंड के दो स्थल और सोनुवा, हाटगम्हरिया, खुंटपानी, मझगांव तथा तांतनगर प्रखंड के एक-एक स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु अनुशंसित किया गया है.

