नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से क्रिकेट के अलावा दूसरे सभी खेल पूरी तरह ठप हैं. भारत में क्रिकेट खिलाड़ी मैदान में कब उतरेंगे, इसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं.
हालांकि भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे राहुल द्रविड़ का मानना है कि जब क्रिकेट शुरू होगा, उसके बाद भी खिलाड़ी खौफ में रहेंगे. एक कार्यक्रम में द्रविड़ ने कहा कि कोरोना वायरस के बाद जब खेल दोबारा शुरू होगा तो खिलाड़ियों के मन में ‘संदेह, संकोच और भय की भावना’ बनीं रहेगी.
द्रविड़ ने रविवार को कहा, ‘खेल शुरू होने के बाद कुछ समय के लिए खिलाड़ियों के मन में संदेह या भय हो सकता है. मुझे यकीन है कि जब फिर से खेल शुरू होगा तो निश्चित तौर पर हिचकिचाहट होगी.’
तकनीकी रूप से इस खेल के सबसे अच्छे बल्लेबाजों में शामिल रहे द्रविड ने कहा, ‘व्यक्तिगत रूप से मुझे नहीं लगता कि यह बड़ी ज्यादा परेशानी होगी . मुझे नहीं लगता है कि एक बार शीर्ष खिलाड़ी जब मैदान पर उस चीज के लिए उतरेंगे जिससे वह प्यार करते है तो उन्हें परेशानी होगी.’
द्रविड़ ने फेसबुक लाइव पर ‘स्टेइंग अहेड ऑफ कर्व – द पावर ऑफ ट्रस्ट’ विषय पर चर्चा के दौरान कहा, ‘बहुत से खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी चुनौती यह होगी कि जब वे दो या तीन महीनें तक नहीं खेलेंगे तो अपने शरीर पर विश्वास रखेंगे की नहीं.’
इस सत्र में उनके साथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा और बैडमिंटन के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण भी मौजूद थे. द्रविड ने कहा कि शीर्ष स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करने से पहले खिलाड़ियों को फिटनेस हासिल करने के लिए पूरा समय दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ‘फिर से मैच फिटनेस, खेल के लिए जरूरी फिटनेस के लिए थोड़ा समय चाहिए होगा. फिटनेस हासिल करने के बाद ही खिलाड़ी आत्मविश्वास से खुद पर भरोसा कर सकते हैं.’
बता दें मोदी सरकार ने सभी खिलाड़ियों को प्रैक्टिस की इजाजत दी है. सरकार ने 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया है लेकिन खिलाड़ियों और एथलीटों को स्टेडियम और खेल परिसरों में प्रैक्टिस की इजाजत मिल गई है.

