असम (गुवाहाटी): लॉकडाउन में टाइमपास करने के चक्कर में दो लोगों ने 40 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित कर दिया. यह घटना दो मामलों की है, जिसमें पहला मामला आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले का है, जहां एक शख्स ने 24 लोगों को संक्रमित किया. वहीं, दूसरा मामला विजयवाड़ा का है, जहां एक व्यक्ति ने 16 लोगों को कोरोना बांट दिया.
कृष्णा जिले के डीएम मोहम्मद इम्तियाज के मुताबिक इन दोनों घटनाओं से करीब 40 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं. उन्होंने बताया कि शहर के कृष्ण लंका इलाके में समय काटने के लिए ट्रक चालक दोस्तों और पड़ोसियों के साथ मिलकर ताश खेल रहा था, जबकि महिलाएं समूह बना कर तंबोला खेल रही थी. इस दौरान सामाजिक दूरी का अभाव होने की वजह से 24 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए.
इम्तियाज ने बताया कि इसी तरह की घटना कर्मिका नगर में हुई. ट्रक चालक ने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया, जिसकी वजह से 15 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीएम ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करना संक्रमण बढ़ने का कारण है. उन्होंने संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की अपील की है.

