कूप योजना निर्माण में मांगी थी रिश्वत
रांची: झारखंड में पलामू जिले के हरिहरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जागो महतो को उनके कार्यालय परिसर स्थित आवास से शुक्रवार को सात हजार रुपये घूस लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया.
एसीबी की टीम गिरफ्तार बीडीओ को गिरफ्तार करने के बाद जिला मुख्यालय मेदिनीनगर ले आयी, जहां से अदालत के आदेश से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसीबी के डीएसपी सह थाना प्रभारी करूणानंद राम ने बताया कि बीडीओ ने सिंचाई कूप योजना में मापी पुस्तिका निर्गत करने के एवज में 7हजार रुपये घूस की मांग की थी.
उन्होंने बताया कि हरिहरगंज प्रखंड के तेतरिया निवासी संतोष कुमार यादव को सिंचाई कूप योजना स्वीकृत हुई थी, जिसका मापी पुस्तिका निर्गत नहीं हो पाया था. बताया गया है कि मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए कुआं निर्माण का कार्य चल रहा है. इसके तहत चनयित लाभुकों को कुआं निर्माण का कार्य दिया जाता है. इसकी मापी पुस्तिका यानि कि कितने क्षेत्र में कितना काम हुआ है इसे इश्यू करने का अधिकार
फिलहाल बीडीओ के पास है. इसे जारी करने के लिए ही बीडीओ संतोष नाम के लाभुक से पैसे की मांग कर रहे थे. आवेदक लगातार बीडीओ सहित अन्य कर्मियों से आग्रह करके परेशान था. बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा था. एमबी बुक निर्गत करने के एवज में उसे रिश्वत की मांग की जा रही थी.
बीडीओ से जब उसने संपर्क किया तो उससे 7 हजार रूपये बतौर घूस मांगे गए.संतोष कुमार यादव घूस नहीं देना चाहते थे. उन्होंने इस संबंध में एसीबी की मेदिनीनगर इकाई कार्यालय में शिकायत की. शिकायत के आलोक में एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और आरोप को सही पाया. बाद में टीम बनाकर आवेदक के साथ मौके पर भेजा. हरिहरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में बने सरकारी आवास में बीडीओ जागा महतो ने जैसे ही संतोष कुमार यादव से घूस के पैसे लिए, उसी दौरान टीम में शामिल एसीबी के अधिकारी व जवानों ने बीडीओ 7 हजार रुपये लेते रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया.
