रांची: राजधानी रांची में उग्रवादी फिर से दस्तक दी है. शहर के व्यवसायियों को टारगेट कर उनसे रंगदारी की मांग की जा रही है. हिंदपीढ़ी के रहने वाले एक व्यवसायी से पीएलएफआई के नाम पर नेट कॉलिंग कर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है. साथ ही उग्रवादियों ने पीएलएफआई के लेटर हेड में उन्हें पर्चा भी भेजा है. जिसमें रंगदारी नहीं देने पर कार्रवाई करने की धमकी दी गई है.
यह भी कहा गया कि उनके बारे में सारी जानकारियां उन्हें हैं. इसलिए राशि की व्यवस्था जल्द करें. व्यवसायी का प्रतिष्ठान लोअर बाजार थाना क्षेत्र के फतेउल्लाह लेन में है. इस धमकी के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है. इस संबंध में व्यवसायी ने मौखिक रूप से लोअर बाजार थाने को इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने पुलिस को बताया है कि उन्हें 16 दिसंबर को एक व्यक्ति ने फोन किया. उसने खुद को पीएलएफआई का सरदार बताया. कहा कि उन्हें पर्चा भेजा गया है. एक करोड़ रुपये की सहयोग राशि उन्हें देनी होगी. ऐसा नहीं करने पर उन्हें जान व माल का नुकसान उठाना पड़ेगा. इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
व्यवसायी को पीएलएफआई के नाम से सरदार जी ने फोन किया था. धमकी दी कि अगर राशि नहीं दिया तो उनकी तीनों दुकान को जलाकर राख कर दिया जाएगा. जिसकी जिम्मेवारी उसकी खुद की होगी. वैसे तुम्हें जहां जाना है जा सकते हो. कोई फर्क नहीं पड़ता है. राशि तो तुम्हे देनी ही होगी.

