रांची: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सक्रिय परमेश्वर गोप उर्फ प्रेम गोप को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में गुप्त रूप से रह रहा है. घाघीडीह जेल में बंद सुजीत सिन्हा तथा पलामू जेल में बंद हरि तिवारी के संपर्क में रहकर उनके गुर्गों की सहायता से रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यवसायियों एवं जमीन कारोबारियों को जान मारने की धमकी देकर दहशत फैलाते हुए रंगदारी मांगने की योजना बनाता आ रहा है.
पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलने पर एसएसपी ने सिटी एसपी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया. छापामारी दल द्वारा तकनीकी सहायता एवं मानवीय सूत्रों के माध्यम से परमेश्वर गोप उर्फ प्रेम गोप के रहने के गुप्त ठिकाने का पता लगाकर छापेमारी की गयी. जिसमें रांची पुलिस को परमेश्वर गोप और प्रेम गोप को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई.
बता दें कि 15 अगस्त को बोड़ेया रोड में दिव्यायन चौक के समीप वृंदावन कंस्ट्रक्शन के गोदाम में दहशत फैलाने के उद्देश्य से कुछ अपराधकर्मियों के द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. उस घटना में प्रयुक्त कार्बाइन एवं गोली परमेश्वर गोप के द्वारा ही उपलब्ध कराई गई थी. जिसके संबंध में बरियातू थाना में मामला दर्ज करवाया गया था.
अनुसंधान के क्रम में चार अपराधकर्मियों रविरंजन पांडे, फिरोज, अमित एवं कुलदीप की गिरफ्तारी भी की गई थी. उनके पास से कार्बाइन के साथ-साथ हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे. अपने बयान में बताया था कि घाघीडीह जेल में बंद सुजीत सिन्हा के द्वारा उपलब्ध कराई गई थी.
परमेश्वर गोप के खिलाफ झारखंड के विभिन्न थानों में 34 मामले दर्ज हैं.

