तनु कुमार,
मुंगेर: बिहार विधानसभा चुनाव 2020 ने पहली बार अपनी किस्मत आजमाने वाली प्लूरल्स पार्टी ने अपनी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उम्मीदवार पुष्पम प्रिया चौधरी ने पहले चरण में होने वाले चुनाव को देखते हुए अपने 40 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. इस बात की जानकारी पुष्पम प्रिया चौधरी ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट के जरिए दी है.
उन्होंने साथ ही लिखा है की प्लूरल्स पोल कमेटी की अनुशंसा पर बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के 40 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है. शेष 31 की घोषणा अगले 24 से 36 घंटे में की जाएगी.
साथ ही उन्होंने सभी घोषित उम्मीदवारों को बधाई और शुभकामनाएं भी दी और कहा चलिए बिहार बदलने की शुरुआत करते हैं. आपको बता दें कि खुद पुष्पम प्रिया चौधरी दो सीटों पर चुनाव लड़ने की पहले ही घोषणा कर चुकी है. पुष्पम प्रिया चौधरी मधुबनी जिले की बिस्फी विधानसभा क्षेत्र (35) और पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र (182) से चुनाव लड़ेंगी.
प्लूरल्स पार्टी ने जो उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है. उनमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ प्रत्याशी सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, वकील, प्रोफेसर, नेवी, इंजीनियर, रिसर्च स्कॉलर आदि हैं, वहीं दूसरी तरफ जारी लिस्ट में एक धर्म का कॉलम भी है जहां सभी उम्मीदवारों का धर्म बिहारी बताया गया है. वहीं उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा 2 विधानसभा सीट से की है. बांकीपुर और बिस्फी.
उन्होंने 30 वर्ष तक बिहार में शासन किए हुए पार्टियों पर निशाना साधते हुए लिखा की बांकीपुर और बिस्फी कोई समीकरण नहीं, सिर्फ बिहार के विकास का बीजगणित आप दोनों ने पिछले 30 सालों में जितने भी समीकरण और आपके आते जाते साथियों ने जितनी भी त्रिकोणमिति सीखी हो सब लगा लीजिए, लेकिन क्या अंतिम रेस में उतरने का साहस है, मुख्यमंत्री उम्मीदवार में? वहीं उन्होंने लिखा कि बिहार को अब चुके हुए नहीं, उड़ने वाले घोड़े चाहिए. पुष्पम प्रिया चौधरी इसी साल की शुरुआत में एक विज्ञापन देकर सुर्खियों में आई थी, जब उन्होंने विज्ञापन के जरिए ऐलान किया था, मैं भी मुख्यमंत्री बनना चाहती हूं. बिहार में अचानक तरीके से इस साल जारी होने वाले विज्ञापन के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया था और सभी लोग यह जानने के लिए बेचैन थे कि आखिर यह महिला कौन है जो अचानक से बिहार की राजनीति में उतर आई है, और खुद को मुख्यमंत्री की उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत कर दिया है.
बिहार के चुनावी रण में उत्तरी पुष्पम प्रिया चौधरी का वोट मांगने का तरीका भी कुछ अलग है:-बिहार के चुनावी रण में उत्तरी पुष्पम प्रिया चौधरी के वोट मांगने के तरीका ने बिहार के सभी राजनीतिक गलियारों के नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है. पुष्पम प्रिया चौधरी बिहार की जनता से वोट के बदले खोईचा मांगती है. अमूवन जब एक लड़की मायके से ससुराल या ससुराल से मायके जाती है तो उसे आशीर्वाद के रूप में खोईचा दिया जाता है, पुष्पम जो खोईचा मांग रही है. उसमें उन्होंने एक कपड़े के टुकड़े पर एक मुट्ठी चावल और एक रुपए देने को कह रही है, जिससे भविष्य में बिहार में कृषि क्रांति, औद्योगिक क्रांति और लोगों को रोजगार मिल सके. वहीं उन्होंने लिखा कि बिहार की उम्मीदों का खोईचा ही मेरी राजनीतिक जमा पूंजी है.

