रांचीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रभात तारा मैदान में मौजूद लोगों का अभिवादन झारखंडी भाषा में ही किया. अपने संबोधन में उन्होंने सबसे पहले कहा सभी भाई-बहिन मन के जोहार. प्रभात तारा मैदान में सरकार, पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे. लगभग 12 एकड़ में आयोजित कार्यक्रम के लिए 42 सेक्टर बनाए गए थे. किसान एवं आम जनता के बैठने के लिए एक लाख से ज्यादा कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी. निर्धारित पार्किंग जोन में लगभग 15 हजार वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई थी. वहीं प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची से कार्यक्रम स्थल श्री जगन्नाथ मैदान एचइसी तक पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे. कार्यक्रम स्थल में लगभग एक लाख कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी.
एक ऐसी आस्था भी सामने आयी
बिहार के बेगूसराय जिले के पनहोर के रहने वाले श्रवण साह गुरुवार को रांची पहुंचे. सभा स्थल पर सबके आकर्षण के केंद्र बने रहे. साह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परम भक्त हैं. अबतक देश विदेश में पीएम मोदी की 65 सभाओं में अपने खर्च से शामिल हो चुके हैं. इनका कहना है कि पीएम मोदी ही देश का विकास कर सकते हैं. इन्होंने देश के विकास को नई दिशा दी है. वे देश को समृद्ध और लोगों को खुशहाल बना रहे है.

सबसे पहले नए विधानसभा भवन का हुआ उद्घाटन
सबसे पहले प्रधानमंत्री ने नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 12 जून 2015 को विधानसभा भवन का शिलान्यास किया था. नया विधानसभा भवन राजधानी रांची के कूटे गांव, नगड़ी में 39 एकड़ में बना है. नवनिर्मित नया झारखंड विधानसभा भवन तीन मंजिला है. 465 करोड़ की लागत राशि से विधानसभा भवन 57220 वर्ग मीटर में बना है. विधानसभा भवन देश में पहला सबसे ऊंचा गुंबद वाला है. देश का पहला पेपरलेस विधानसभा के रूप में जाना जाएगा. भवन में जल संचयन और ऊर्जा संरक्षण की व्यवस्था है. सौर ऊर्जा से विधानसभा भवन में बिजली की आपूर्ति होगी.
कार्यक्रम स्थल में सुबह 8.30 बजे से ही पहुंच रहे थे लोग
प्रभात तारा मैदान में सुबह 8:30 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो चुका था. प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले ही सभी कुर्सियां भर चुकी थीं. लोक कलाकार अपनी प्रस्तुती से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे थे. पीएम मोदी ने प्रभात तारा मैदान से 462 एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल/ डे बोर्डिंग स्कूल का शुभारम्भ किया. पीएम किसान मान-धन योजना और दुकानदारों और स्वरोजगारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना की शुरुआत की. नए सचिवालय भवन का शिलान्यास किया और नए विधानसभा भवन का उद्घाटन भी किया.

