रांची : विधायक डॉ इरफान अंसारी चुनाव जीतने के बाद पहली बार सबडीहा गांव पहुंचे. उन्होंने नरेगा से चलने वाली विकास योजनाओं की शुरुआत फीता काटकर की. मौके पर विधायक डॉ इरफान ने कहा कि मनरेगा के तहत प्रत्येक गांव में योजनाएं संचालित की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को रोजगार मुहैया कराया जा सके. इसका मुख्य उद्देश्य है कि कैसे ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन हो और हमारे ग्रामीण आत्मनिर्भर हो सकें. मौके पर विधायक ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी प्रहार किया और कहा कि प्रधानमंत्री को झारखंड के कोयला लोहा सोना से तो प्यार है परंतु झारखंडियों से नहीं.
इसलिए केंद्र सरकार ने झारखंड में कोल ब्लॉक आवंटन करने का फैसला खुद ही ले लिया और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत तक नहीं की. भाजपा सिर्फ बड़े और पूंजीपतियों की सरकार मात्र बनकर रह गई है. इन्हें यहां के गरीबों से कोई लेना-देना नहीं. इन्हें झारखंडियों से जरा भी हमदर्दी नहीं है. भाजपा यहां के सभी खनिज संपदा को लूट कर बाहरी राज्य ले जाना चाहते हैं ताकि झारखंड खोखला हो जाए. ताकि, यहां के लोगों का विकास ना हो पाए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नए हथकंडा अपनाते हुए झारखंड का कोयला लूटने के लिए एक नई पहल की. यहां के कॉल ब्लॉकों की नीलामी करने का फैसला लिया ताकि बड़े-बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा सके.

