नई दिल्ली: पीएम मोदी ने आज शाम 4 बजे गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के साथ हाई लेवल मीटिंग बुलाई है. इसकी जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने दी है. बता दें कि प्रधानमंत्री एनडीएमए के अध्यक्ष हैं. यह मीटिंग सुपर साइक्लोन ‘एम्फन’ को लेकर हो रही है.
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘एम्फन’ ने ‘अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान’ का रूप ले लिया है. आइएमडी ने बताया है कि इस तूफान के अगले 12 घंटे में सुपर साइक्लोन में बदलने की संभावना है.
गृह मंत्रालय ने चक्रवाती तूफान ‘एम्फन’ के सोमवार शाम तक सुपर साइक्लोन में बदलने की जानकारी देते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों से यह तूफान बुधवार को टकराएगा.
इस दौरान हवा की गति 185 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. चक्रवाती तूफान ‘एम्फन’ के मद्देनजर मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय के लिए 21 मई तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है.

