पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (गुरुवार) पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया. पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए. वहीं पश्चिम बंगाल के लोगों ने पीएम का स्वागत शंख बजाकर किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व भी है.
बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए रंग देती है, नया श्रृंगार देती है. प्रधानमंत्री मोदी ने राजधानी दिल्ली से पश्चिम बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मेरे भाइयों और बहनों आज भक्ति की शक्ति ऐसी है, जैसे लग रहा है कि मैं दिल्ली में नहीं लेकिन आज मैं बंगाल में आप सभी के बीच उपस्थित हूं. जब आस्था अपरम्पार हो, मां दुर्गा का आशीर्वाद हो, तो स्थान, स्थिति, परिस्थिति, से आगे बढ़कर पूरा देश ही बंगालमय हो जाता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व भी है. बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए रंग देती है, नया श्रृंगार देती है. ये बंगाल की जागृत चेतना का, बंगाल की आध्यात्मिकता का, बंगाल की ऐतिहासिकता का प्रभाव है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की भूमि से निकले महान व्यक्तियों ने जब जैसी आवश्यकता पड़ी, शस्त्र और शास्त्र से, त्याग और तपस्या से मां भारती की सेवा की. उन्होंने कहा, बंगाल की माटी को अपने माथे से लगाकर जिन्होंने पूरी मानवता को दिशा दिखाई, उन रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, चैतन्य महाप्रभु, ऑरोबिंदो, बाबा लोकनाथ, ठाकुर अनुकूल चंद्र, मां आनंदमयी को मैं प्रणाम करता हूं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संदेश भी बंगाल से ही सफल होगा. बंगाल के तेज विकास के लिए निरंतर काम किया जा रहा है, बंगाल में पीएम आवास के तहत 30 लाख घर बनाए जा चुके है. उज्ज्वला योजना में 90 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए, बंगाल में चार करोड़ बैंक खाते खोले गए. पीएम ने कहा कि कोलकाता में मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी लाई गई है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के विकास के काम में तेजी लाई गई है. बंगाल इन सभी का केंद्र बन सकता है. पीएम ने कहा कि शांति के साथ हमें भाईचारे को आगे बढ़ाना है और देश की एकता के लिए काम करना है.

