नई दिल्ली: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार (1 फरवरी) को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी. विश्लेषकों को उम्मीद है कि अर्थव्यवस्था में जारी नरमी को देखते हुए सरकार इस बजट में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए उपायों की घोषणा कर सकती है.
इससे पहले 31 जनवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आर्थिक समीक्षा पेश की. आर्थिक समीक्षा में अगले वित्त वर्ष के दौरान आर्थिक वृद्धि दर के सुधरकर 6 से 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है.
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट 2020 से बस थोड़ी देर पहले ट्वीट करके उम्मीद जतायी कि नरेंद्र मोदी सरकार बजट में दिल्ली के हितों की रक्षा करेगी. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 8 फरवरी को मतदान होना है. चुनाव नतीजे 11 फरवरी को आएंगे.

