दिल्ली: बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह दी है कि वो आत्मनिर्भर बनें. उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो बाइडेन और कमला हैरिस की खुशामद नहीं करनी चाहिए. बल्कि डोनाल्ड ट्रंप को भारत बुलाकर धन्यवाद देना चाहिए कि उन्होंने भारत से इतनी अच्छी दोस्ती निभाई.
सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करते हुए कहा कि मीडिया रिपोर्ट से खबर मिली है कि भारत सरकार जो बाइडेन और कमला हैरिस को भारत बुलाने वाली है. उन्होंने कहा कि भारत मामलों में जो बाइडेन कमला हैरिस के मुताबिक काम करेंगे और कमला हैरिस हिंदु राष्ट्रवाद के खिलाफ है. नरेंद्र मोदी को आत्मनिर्भर बनना चाहिए. उन्हें बाइडेन सरकार की खुशामद नहीं करनी चाहिए.
सुब्रमण्यम स्वामी ने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप जनवरी 2021 तक अमेरिका के राष्ट्रपति हैं. ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी को डोनाल्ड ट्रंप को भारत बुलाना चाहिए. साथ ही उन्हें भारत का एक अच्छा दोस्त बनने के लिए धन्यवाद भी देना चाहिए. प्रधानमंत्री को डोनाल्ड ट्रंप को रिपब्लिक डे के दौरान भारत में स्पेशल गेस्ट के तौर पर न्योता देकर बुलाना चाहिए.

