जगदम्बा प्रसाद शुक्ल,
प्रयागराज: भारतीय किसान सेना लोकतांत्रिक पार्टी के तत्वावधान में पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव कंचन उपाध्याय की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को खाईं, करछना में एक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र उपाध्याय के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु तिवारी तथा संचालन जेपी शुक्ल ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ रामनाथ त्रिपाठी रिषिकेश की वंदना कर में वीणा लिए मातु आ जाइये से हुआ. डॉ शम्भु नाथ त्रिपाठी अंशुल की रचना सृष्टि का यह क्रम अनोखा चल रहा है तथा बबलू सिंह बहियारी की रचना दरकते स्वप्न में पाषाण से विश्वास भर देना खूब सराही गयी.
डॉ भगवान उपाध्याय ने अपनी कविता युग बदलने कर्मपथ पर मैं अकेला चल पड़ा हूं तथा जेपी शुक्ल ने अपनी कविता मेरे रघुकुल तिलक प्रभु श्रीराम का, आज मंदिर बनाना बड़ी बात है प्रस्तुत किया.
सुप्रसिद्ध मूंछ नर्तक राजेन्द्र तिवारी दुकान जी ने अपनी हास्य रचनाओं द्वारा लोगों को हंसाया तो कार्तिकेय मिश्र ने नारी शक्ति पर अपनी कविता प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में किरण यादव, यशवंत मिश्र, रामजी केसरवानी, संगम तिवारी, दीनानाथ यादव आदि मौजूद रहे.

