नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक गांव में अवैध शराब के सेवन से छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. प्रयागराज के अमिलिया गांव में शुक्रवार को यह त्रासदी हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ितों ने कल रात एक दुकान से खरीदकर देशी शराब का सेवन किया. इसके तुरंत बाद कई लोग बीमार पड़ गए. शराब की दुकान चलाने वाले पति-पत्नी की जोड़ी को शुरुआती सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट भानू चंद्र गोस्वामी ने कहा कि लोगों के शव परीक्षण और नमूना रिपोर्ट के बाद ही मौतों के सही कारणों की पुष्टि की जा सकती है.
अधिकारी ने कहा, “अवैध शराब के सेवन से होने वाली मौतों की सूचना मिलने के बाद जिला अधिकारियों का एक दल अमिलिया गांव पहुंचा.”
अधिकारी ने कहा कि शराब के नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं. अगर वह दोषी पाया जाता है, तो दोषियों को दंडित किया जाएगा.

