चंडीगढ़: एमपी के एक सैन्य संस्थान से शस्त्र और गोला बारुद चुराने के आरोपी व्यक्ति ने मंगलवार तड़के वॉशरूम जाने के बहाने पुलिस गार्डों को चकमा दिया और पंजाब के एक अस्पताल की दीवार फांद कर भाग गया. अधिकारियों ने बताया कि हाथ की चोट के लिए ‘सेना के भगोड़े’ हरप्रीत सिंह (25) का 31 दिसंबर से होशियारपुर सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा था. होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव गर्ग ने कहा, ‘उसने वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर हमारे पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंकी.’
उन्होंने कहा कि सिंह को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि सिंह ने कम से कम चार पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और फिर तड़के करीब साढ़े चार बजे अस्पताल की दीवार फांदकर फरार हो गया. वह होशियारपुर जिले की एक जेल में बंद था. उन्होंने बताया कि वह मध्य प्रदेश के पंचमढ़ी में सेना के प्रशिक्षण संस्थान से दो आईएनएसएएस राइफलों और गोला बारुद चुराने के आरोपों का सामना कर रहा है.
भारतीय सेना में सिपाही रहे सिंह को दिसंबर में पंजाब में होशियारपुर जिले के टांडा के समीप चटोला गांव से गिरफ्तार किया गया था. उसे गत वर्ष अक्टूबर में ‘सेना से भगोड़ा’ घोषित किया गया था. उस समय सिंह के तीन साथियों को भी गिरफ्तार किया गया था. सेना अधिकारी बताकर आरोपियों ने छह दिसंबर की सुबह राइफल और गोला बारुद चुरा लिए थे. चोरी किए गए हथियारों और गोला बारुद को बरामद कर लिया गया था.

