रांची. रांची के सहजानंद चौक के निकट बुधवार को ट्रैफिक पुलिस और पुलिस के जवान आपस में भिड़ गये. दोनों के बीच सड़क पर खूप मारपीट हुई, बाद में आम लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाईकिल पर पीछे बैठने वाले के के हेलमेट नहीं पहनने को लेकर विवाद शुरू हुआ. बाइक पर पीछे बिना हेलमेट बैठा देख पुलिसकर्मी को जब ट्रैफिक पुलिस के जवान ने रोका तो पीछे बिना हेलमेट वाला पुलिसकर्मी बाइक से उतरा और ट्रैफिक सिपाही से उलझ गया. इस तरह से नहीं रोकना चाहिए कह कर ट्रैफिक सिपाही से धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इस पर ट्रैफिक सिपाही ने भी बिना हेलमेट वाले पुलिसकर्मी की पिटाई शुरू कर दी. लंबे समय तक चली धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच तमाशा बना रहा.
घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. वहीं दो पुलिसकर्मियों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. दोनों को मारपीट करते वीडियो में देखा जा सकता है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने भी संज्ञान लिया है. पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई का आदेश डीएसपी को दिया है. फिलहाल डीएसपी इस पूरे मामले की छानबीन कर रहे हैं.
