रामगढ़: पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में शनिवार को एसपी प्रभात कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर हथियार के साथ गिरफ्तार तीन अपराधियों के संबंध में जानकारी साझा की.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया की पुलिस को एक डब्लूबी नंबर की स्विफ्ट कार में कुछ अपराधियों के द्वारा एक व्यक्ति के हत्या के उद्देश्य से अपहरण की सूचना मिली. जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में सूचना के सत्यापन हेतु टीम का गठन किया गया.
छापेमारी दल को पतरातू घाटी में डब्ल्यूबी 02 वाई 4923 नंबर की स्विफ्ट कार दिखी. कार की जांच करने पर पुलिस ने एक रिवॉल्वर और 10 जिंदा गोलियों के साथ तीन अपराधियों और अपहृत व्यक्ति को बरामद किया. गिरफ्तार अपराधियों में 25 वर्षीय राहुल कुमार सिंह, विक्की राम उर्फ विक्की डोम और चालक शाहिद अंसारी उम्र 23 वर्ष सभी थाना पतरातु शामिल हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपहृत व्यक्ति और गिरफ्तार अपराधी सभी पतरातू क्षेत्र में सक्रिय अपराधिक गिरोह के सदस्य हैं. उन्होंने बताया कि यदि पुलिस समय पर ना पहुंचती तो अपराधियों के द्वारा अपहृत व्यक्ति की हत्या कर दी जाती.
पुलिस अधीक्षक ने हत्या से पूर्व अपराधियों की गिरफ्तारी को रामगढ़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया. गिरफ्तार अपराधियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या करने की योजना की बात को भी स्वीकार किया है.
गिरफ्तार अपराधियों पर पुलिस ने पतरातू थाने में अपहरण और अवैध हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दो मामले दर्ज किए हैं. छापेमारी दल में पतरातू थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती, पु.अ.नि. मयंक प्रसाद, मुरादा हसन, सअनि गिरीश प्रसाद महतो, आरक्षी धनोज कुमार और देवलाल मुर्मू शामिल थे.

