रांची: रांची पुलिस ने जमशेदपुर के धागे की जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की प्रेमिका सहित पांच अपराधियों को दबोचा है. गिरफ्तार अपराधियों में एक युवती भी शामिल है. जो सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़कर काफी दिनों से काम कर रही थी. सभी अपराधियों की गिरफ्तारी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से की गई है.
जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा के आदेश पर यह गिरोह किसी बड़े जमीन कारोबारी की हत्या करने वाला था. लेकिन रांची एसएसपी की सूचना पर सभी अपराधी घटना को अंजाम देने से पहले ही धर दबोचे गए हैं.
अपराधियों के पास से कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं. फिलहाल पुलिस पांचों अपराधियों से पूछताछ कर रही है.
पूछताछ के दौरान कुछ और अपराधियों के बारे में भी जानकारी मिली है. हालांकि रांची पुलिस की ओर से इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस खुलासा कर सकती है.
सुजीत सिन्हा उम्रकैद की सजा काट रहा है. उसके गैंग पर भी झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पिछले दो महीने में राज्य के अलग-अलग जिलों की पुलिस ने सुजीत सिन्हा गैंग के अमन साव, बसंत गंझू सहित 16 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
सुजीत सिन्हा गैंग को उस समय बड़ा झटका लगा जब रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अमन साव को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद भी सुजीत सिन्हा लगातार लेवी मांग रहा है.
सुजीत सिन्हा के खिलाफ आर्म्स एक्ट, रंगदारी और हत्या सहित 51 केस दर्ज हैं. उसके गिरोह में कई अपराधी शामिल हैं. गिरोह के कुछ अपराधी वर्तमान में फरार हैं और कुछ सक्रिय हैं. इसके अलावा कुछ अपराधी जमानत पर हैं, जिसके जरिए सुजीत जेल के अंदर से ही गिरोह चला रहा है.
हजारीबाग कोर्ट में मारे गए गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव के खास शूटरों में सुजीत सिन्हा की गिनती होती थी. सुजीत सिन्हा ने सुशील की मौत का बदला लेने के लिए भोला पांडेय गिरोह के सरगना विकास तिवारी की हत्या की साजिश भी रची थी.
सुजीत सिन्हा ने ही अपराधी लवकुश शर्मा के जरिए इंजीनियर समरेंद्र प्रताप सिंह को मारने की साजिश रची थी. रांची पुलिस ने इस मामले में सुजीत को गिरफ्तार किया था. पलामू, रांची समेत अन्य जिलों में उसके खिलाफ दर्जनों आपराधिक कांड दर्ज हैं.
22 अगस्त 2019 : रांची में भाजपा नेता सह बिल्डर रमेश सिंह और व्यवसायी अविनाश झा की हत्या की योजना जमशेदपुर जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ने बनाई थी. अविनाश की हत्या 21 अगस्त 2019 की सुबह नौ बजे जिम जाने के दौरान की जानी थी, लेकिन सीआइडी और पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों की योजना विफल हो गई थी.
2 फरवरी 2020: सुजीत सिन्हा और अमन साहू के इशारे पर लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी रेलवे साइडिंग में 9 अपराधियों ने जम कर उत्पात मचाया था. साइडिंग परिसर में खड़े 2 वाहनों को फूंक दिया. साथ ही 4 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. मौके पर मौजूद 5 लोगों की पिटाई भी की गई थी.
12 जुलाई 2020 : गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के इशारे पर अमन साव ने रांची के चार कोयला कारोबारियों से एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगी थी. कारोबारियों ने रकम देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद अमन साव ने चारों कारोबारियों की हत्या की योजना बनाई. इसके लिए पांच अपराधियों को कारोबारियों की हत्या के लिए रांची भेजा था. लेकिन पुलिस से सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
6 अगस्त 2020 : बिल्डर अभय कुमार सिंह ( दिवंगत) को कॉल कर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी. रंगदारी मांगने वाले ने वर्चुअल नंबर से मैसेज किया था. इसमें खुद को कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गैंग का मयंक सिंह बताया था. इसके नौ दिन बाद अभय सिंह के ऑफिस में अपराधियों ने फायरिंग की थी. इस मामले में पुलिस ने एक पीएलएफआई उग्रवादी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था .
18 सितंबर 2020: झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार के भाई से गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. अधिवक्ता राजीव कुमार के भाई अनीश कुमार से मयंक सिंह नामक अपराधी द्वारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है.

