ग्वालियर: हजीरा थाना पुलिस ने लम्बे समय से फरार चल रहे अपराधी को पकड़ लिया है. आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर होटल संचालक को गोली मारकर घायल कर दिया था. हजीरा थाना प्रभारी आलोक परिहार ने रविवार को बताया कि यादव धर्मकांटा पर प्रकाशसिंह पुत्र घनसिंह भदौरिया की मेजबान नाम से होटल है. चार माह पहले होटल पर शेरु उर्फ गोविंद सिकरवार अपने साथी लाला और गौरी यादव के साथ खाना खाने आया था.
यहां पर पैसे को लेकर विवाद हो जाने पर अपराधियों ने प्रकाशसिंह को गोली मार दी थी. पेट में गोली लगने से प्रकाश सिंह घायल हो गया था. बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली के शेरु सिकरवार अपने घर आया है. दबिश देकर शेरु को दबोच लिया. एक आरोपित गौरी यादव पहले ही पकड़ा जा चुका है. लाला की तलाश की जा रही है. पुलिस ने शेरु से पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया है.

