कांकेः रांची के कांके प्रखंड के केतरीया बेड़ा के जंगली क्षेत्र में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोस्ता के फसल को नष्ट कर दिया है.
शनिवार की सुबह थाना प्रभारी मिशिल सोरेन के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 2.5 एकड़ भूमि में लगी अफीम की खेती को नष्ट करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है.
एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के पिठोरिया थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से अफीम की खेती हो रही है.
तस्कर खेत से तैयार अफीम निकालने की तैयारी कर रहे हैं. अवैध कारोबारी यहां गैर मजरुवा भूमि में अफीम की खेती कर रहे थे. फसल के समीप पहाड़ी नाला होने की वजह से यहां पानी की भी कमी नहीं है. इसलिए खेत में पटवन का कार्य भी आसानी से हो रहा था. फसल भी लगभग तैयार हो गया था. पुलिस दल वहां पहुंचा और अवैध रूप से हुई अफीम की खेती को पूरी तरह से नष्ट कर दिया.
छापेमारी अभियान में सब इंस्पेक्टर विनय कुमार यादव, दुर्गेश कुमार, अखिलेश कुमार, संतोष महतो, विनय राम, नीरज कुमार, सुधांशु कुमार सिन्हा, पारसमणी के अलावा सशस्त्र बल शामिल थे.

