रांची: झारखंड की राजधानी रांची में कोरोना हाॅटस्पाॅट बने हिंदपीढ़ी इलाके में बुधवार को सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की.
वहीं लाॅकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. दूसरी तरफ जिला पुलिस-प्रशासन की ओर से हर घर में वाॅलिटेंयर्स के माध्यम से आवश्यक सामानों की आपूर्ति तथा दवा उपलब्ध कराने का भी काम किया है. इसके बावजूद हिंदपीढ़ी के लोग एक जगह एकत्रित होकर समय-समय पर प्रशासनिक कार्रवाई पर विरोध भी दर्ज करा रहे है.
ऐसी भी खबर मिली है कि कोरोना मामले को लेकर मलेशियन महिला को हिंदपीढ़ी से ले जाने से लेकर अब तक के प्रकरण में हिंदपीढ़ी के लोगों ने प्रेस-मीडिया के प्रति आक्रोश व्यक्त किया है. अब उनका यह आक्रोश बैनर के माध्यम से प्रदर्शित भी होने लगे हैं.
मंगलवार को हिंदपीढ़ी इलाके में मीडिया के खिलाफ लिखा बैनर टंगा नजर आया. इस बैनर में ‘मीडिया हिंदपीढ़ी-नो एंट्री‘ लिखा गया है.
हालांकि कर्फ्यू इलाके में इस प्रकार के कार्य को अंजाम दिया जाना भी एक प्रकार से प्रशासन के कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाता नजर आता है. इतनी सुरक्षा के बीच भी कुछ लोगों द्वारा कैसे बैन लगाये गये. इस मामले पर प्रशासन कुछ भी कहने से इंकार किया है.

