ज्योत्सना,
खूंटी: खूंटी पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली. भाकपा माओवादी के हार्डकोर 22 वर्षीय माजी मुंडा उर्फ मांझी मुंडा को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली भी बरामद किया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी का सदस्य सायको थाना क्षेत्र के आसपास भ्रमणशील है.
इसी सूचना के आधार पर सायको थाना पुलिस और एस एस बी 26 की बटालियन ने संयुक्त टीम बनाकर बाड़ी गांव के आसपास छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के क्रम में पुलिस को देखकर नक्सली माजी मुंडा भागने लगा. भागने के क्रम में पुलिस टीम ने पीछा करते हुए हार्डकोर नक्सली को लोडेड देशी पिस्टल के साथ धर दबोचा.

हार्डकोर नक्सली मांझी मुंडा पर हत्या के तीन मामले, लेवी वसूली और बलात्कार के मामले सायको, खूंटी और मुरहू थाना में दर्ज हैं. जिकिलता हॉकी मैदान में हत्या, पोसेया भट्ठी बाजार में हत्या और बाड़ी गांव में मारपीट, एक व्यक्ति की हत्या और बलात्कार तथा डौडीह जंगल में लेवी वसूली के लिए बैठक करने संबंधी कुल 5 मामले दर्ज हैं.

