नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों के बीच आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है. ऐसे में विपक्षी पार्टियां प्रदेश की योगी सरकार पर लगातार हमलावर हैं. बीते गुरुवार को पीड़िता के परिजनों से मिलने के लिए निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पुलिस द्वारा की गई धक्का-मुक्की को लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कड़े शब्दों में निंदा की है, उन्होंने इसे लोकतंत्र का गैंगरेप करार दिया है.
संजय राउत ने पुलिस के व्यवहार को लेकर कही ये बात
सांसद संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘कांग्रेस के साथ हमारे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पीड़िता के परिवार से कोई राष्ट्रीय स्तर का नेता मिलने जा रहा है, और इस दौरान पुलिस ने राहुल के साथ जो व्यवहार किया है उसका समर्थन इस देश में कोई नहीं कर सकता. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी इंदिरा गांधी के पोते है और राजीव गांधी के बेटे भी है और इन सभी लोगों ने देश के लिए अपनी सहादत दी हैं ये हमें नहीं भूलना चाहिए.’
इस तरह की घटना देश के लोकतंत्र का गैंगरेप
उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी की आप राजनीतिक रूप से भर्त्सना कर सकते हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में एक दलित लड़की का रेप और मर्डर होता है और उसके परिजनों से देश की किसी पार्टी के प्रमुख नेता मिलने जाते हैं तब उनका कॉलर पकड़ा गया और जमीन पर धक्का दे दिया जाता है. यह एक तरीके से देश के लोकतंत्र का गैंगरेप है. इसकी जांच होनी चाहिए.’
कंगना रनौत का जिक्र राउत ने कही ये बात
कंगना रनौत का जिक्र करते हुए राउत ने कहा कि मुंबई में एक एक्ट्रेस के कार्यालय के गैर-कानूनी निर्माण को थोड़ा सा तोड़ दिया तो सत्ताधारी जाग उठे जैसे कि उन पर कोई आसमान टूट पड़ा हो, लेकिन एक बच्ची के साथ रेप होता है, इस बारे में कोई सवाल नहीं पूछ सकता है. देश के इतिहास में मैंने इस तरह की घटना आज तक नहीं देखी.”

