रांची: झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के अंतर्गत चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान दोनों ओर से करीब एक घंटे गोलीबारी हुई. मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल प्रभावित चतरोचट्टी थाना क्षेत्र नक्सली कमांडर मिथिलेश सिंह उर्फ दुर्योधन महतो के दस्ता के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई.
बताया गया कि इस क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली पुलिस का जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया. खुद को पुलिस से घिरा देख नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.
ग्रामीणों ने बताया है कि रजडेरवा व चैयाटांड़ के बीच जंगल में गोली चलने की आवाज लगातार आ रही है. भीषण गोलीबारी की वजह से रजडेरवा और उसके आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं. एक घंटे के भीतर दोनों ओर से 200 राउंड से अधिक गोलियां चलने की खबर है.

