इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
रांची: झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना के सिणधरी बेरा पंचायत स्थित मनमारू जंगल में शुक्रवार शाम पुलिस औश्र प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के हथियारबंद दस्ते के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली को गोली लगने की खबर है.
पुलिस उपमहानिरीक्षक कोल्हान राजीव रंजन सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. दोनों तरफ से हुई कई राउंड फायरिंग के बाद कमजोर पड़ते देख नक्सली जंगल की ओर भाग निकले . उन्होंने बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक सह सीडीपीओ चक्रधरपुर नाथू सिंह मीणा के नेतृत्व में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, इसी दौरान पुलिस को देखकर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गयी, जिसके बाद नक्सली पीछे हटने को मजबूर हुए. मुठभेड़ में मारे गये नक्सली का शव अब तक बरामद नहीं किया गया है, लेकिन मौके पर खून के धब्बे को देखकर एक नक्सली को गोली लगने की संभावना जतायी जा रही है. पुलिस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला जा रही है.
मुठभेड़ की सूचना मिलने रांची से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंच गई है और घटनास्थल पर कैंप कर रही है. घटना की विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है.
इधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में एक नक्सली को गोली लगने की बात सामने आ रही है. मुठभेड़ अजय पूर्ति के दस्ते के साथ हुई है जिसमें 10 से 12 नक्सली शामिल थे. सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़कर भागने के बाद 3 राइफल भी बरामद किया गया है. जिला मुख्यालय को घटनास्थल से विस्तृत जानकारी मिलने की देर रात तक प्रतीक्षा थी.

