यूपी: कोविड-19 महामारी के बीच गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम में पुलिस ने रविवार रात जिम की आड़ में धड़ल्ले से चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर मौके से 15 युवकों को पकड़ा है.
पुलिस का कहना है कि छापेमारी की भनक लगते ही हुक्का बार का संचालक फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने रविवार को इंदिरापुरम पुलिस को मंगल बाजार के पास गबरू नाम से हुक्का बार संचालित होने की सूचना दी थी.
सूचना पाकर इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के मुताबिक, यहां पर फ्लेवर हुक्का की जगह तंबाकू परोसा जा रहा था. पुलिस टीम जब वहां पर छापेमारी के लिए पहुंची तो पुलिस को देखकर हुक्का बार संचालक मौके से फरार हो गया.
इसके बाद पुलिस ने गेट बंदकर करीब 15 युवकों को मौके से हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तंबाकू, हुक्का और पाइप बरामद किया है. पुलिस सभी युवकों को थाने ले आई.

