सरायकेला-खरसावां: सरायकेला थाना अंतर्गत धोबाडीह गांव में बीती रात किसान दामू बानरा पर हुए जानलेवा हमले का 24 घंटे के भीतर सरायकेला- खरसावां पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
बता दें कि इस मामले से जुड़े दो अपराधी लखन सामड और प्रेम गुर सांडी को एक 7.65 एमएम के पिस्टल, 7.65 एमएम की 2 गोलियां, एक देसी कट्टा, 8 एमएम की 2 गोलियां, दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
इस मामले की जानकारी देते हुए सरायकेला एसपी कार्तिक एस ने बताया जिस युवक को गोली लगी है. वह किसान नहीं बल्कि एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी रहा है.
उन्होंने बताया कि उसका नाम श्यामलाल बानरा उर्फ दामू बानरा है. जो दबंग प्रवृत्ति का है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उन्होंने बताया कि बीती रात अपने साथी लखन सामड के साथ किसी घटना की योजना बना रहा था, इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इस विवाद में लखन सामड ने अपने पास रखे पिस्टल से दामू बानरा पर गोली चला दी. जिससे दामू गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे पहले सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया ,जहां से बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया. फिलहाल घायल दामू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
वहीं पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए पूरे घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. साथ ही पुलिस ने दामू के साले को भी गिरफ्तार किया है. जिसका नाम प्रेम गुरु सांडी है.
पुलिस ने बताया कि वह अपने बहनोई के साथ मिलकर इलाके के लोगों के बीच दहशत फैलाने का काम करता था. वैसे इस घटना को अपराधियों द्वारा अलग रंग देने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा हो गया.
बताया जाता है कि सभी जेल से छूटने के बाद इलाके में दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

