लखीसराय संवाददाता,
लखीसराय: लखीसराय शहर के कबैया थाना की पुलिस ने सोमवार की देर रात नया बाजार चैती दुर्गा मंदिर के नजदीक से एक संदिग्ध पिकअप वैन को पकड़ा. पुलिस ने जब्त पिकअप वैन की जब तलाशी ली तो उसपर काफी मात्रा में विदेशी शराब थी. पिकअप वैन पर से पुलिस ने 56 कार्टन शराब बरामद की जो सीमेंट की बोरी के नीचे छिपाकर रखी हुई थी. शराब तस्कर भागने में सफल रहा.
जानकारी के अनुसार कबैया थाना अध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस में ने जब पिकअप वैन की तलाशी ली तो पाया कि वैन में ऊपर करीब 35 बोरी सीमेंट लोड था तथा उसके नीचे 56 कार्टन शराब रखी थी. थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि एक पिकअप वैन लावारिस अवस्था में सड़क किनारे खड़ी थी.
उसपर सीमेंट की बोरी की आड़ में विदेशी शराब रखी थी. पिकअप वैन से इम्पीरियल ब्लू विदेशी शराब बरामद की गई. 27 कार्टन में 180 एमएल की कुल 1,296 बोतल एवं 29 कार्टन में 750 एमएल की 348 बोतल शराब मिली है. थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब के बारे में पता किया जा रहा है.

