नई दिल्ली:- देश में शराब तस्करी (Liquor smuggling) का मामला आए दिन सामने आ रहे हैं. अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली (Chandauli) में पुलिस ने शराब तस्करी के एक गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है, जो कि हैरान करने वाला है. पुलिस ने यहां पर शराब तस्करी के ऐसे गैंग को पकड़ा है, जो पुलिस से बचने के लिए ऑन आर्मी ड्यूटी के स्टीकर लगे डीसीएम ट्रक से शराब की सप्लाई कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि शराब की बड़ी खेप को हरियाणा से बिहार ले जाया जा रहा था.उन्होंने पुलिस से बचने के लिए आर्मी के घोड़ों के आहार सप्लाई की एक फर्जी बिल्टी भी जो कि इन तस्करों के पास से बरामद हुई. दरअसल उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर शराब तस्करी पर सख्त नजर है. बॉर्डर पर चेकिंग भी बढ़ा दी गई है.
नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे ट्रक
ऐसे में चंदौली की अलीनगर पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि हरियाणा से एक डीसीएम ट्रक में भरकर शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने अपना जाल बिछाया और नेशनल हाईवे 2 से गुजर रहे इस ट्रक को पकड़ लिया. तस्करों की योजना के तहत ट्रक को एस्कॉर्ट करने के लिए एक स्विफ्ट डिजायर कार में दो तस्कर आगे आगे चल रहे थे, ताकि वह पुलिस की गतिविधियों की सूचना ट्रक चालक को दे सकें, लेकिन चंदौली पुलिस की तत्परता के चलते शराब तस्करों का यह गैंग हत्थे चढ़ गया.
बिहार के सीतामढ़ी में शराब तस्करी
बता दें कि देश के विभिन्न राज्यों से आए दिन शराब की तस्करी के नए मामले सामने आ रहे हैं, जिसे देखते हुए सभी राज्य सरकारों की पुलिस काफी सतर्क है. इसी कड़ी में बिहार (Bihar) के सीतामढ़ी में शराब तस्करी का एक नया मामला सामने आया. सूचना मिलते ही पुलिस ने तस्करों को पकड़ने की कोशिश की. इसके बाद शराब तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई.
दारोगा की मौत
इस दौरान तस्करों और पुलिस के बीच ताबड़तोड़ फाइरिंग शुरू हुई जिसमें एक दारोगा दिनेश राम की मौत हो गई और एक माफिया भी मारा गया. इतना ही नहीं वारदात में तस्करों की गोली से चौकीदार लालबाबू भी बुरी तरह घायल हो गए. जिसके बाद उन्हें सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. बता दें कि इस सनसनीखेज वारदात के बाद ही कई शराब तस्कर फरार हो गए हैं. बताया जा रहा है कि ये मुठभेड़ भारत- नेपाल सीमा से सटे सीतामढ़ी के मेजरगंज के कुंवारी गांव में हुई है. पुलिस ने बताया कि किसी ने उन्हें सूचना दी थी कि नेपाल के रास्ते बिहार में शराब की खेप लाई जा रही है. जिसके बाद पुलिस ने हर जगह घेराबंदी कर दी.
