छपरा: बिहार के छपरा जिले के उत्तरी दहियावा टोला में शनिवार को छापेमारी करने गई पुलिस पर स्थानीय लोगों पर हमला बोल दिया. गुस्साई महिलाओं ने महिला कांस्टेबल के साथ देर तक बहस की और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी. वहीं, इस दौरान बीचबचाव करने आई पुलिस पर भी स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और 6 लोगों को हिरासत में ले लिया.
मिली जानकारी अनुसार छापेमारी करने गई पुलिस के साथ स्थानीय महिलाएं भिड़ गईं. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच घंटों विवाद हुआ, जिसके बाद महिला कॉन्स्टेबल को महिलाएं घेरकर पीटने लगीं. भीड़ को उग्र होता देखकर और पुलिस बल बुलाया गया.
इधर, बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया. इधर, पुलिस ने बचाव में लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया. पथराव और लाठीचार्ज में महिला कॉन्स्टेबल सिर पर ईंट लगने की वजह से जख्मी हो गई. वहीं, इस घटना में करीब छह पुलिस जवान और लोगों के जख्मी होने की सूचना है.
दरअसल, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा जबरन किसी के घर में भी छापेमारी कर दी जाती है. जो लोग इस तरह के काम में शामिल नहीं हैं, उनके घर में भी परेशान करने के लिए नगर थानाध्यक्ष द्वारा छापेमारी की जाती है. उनका आरोप है कि जहां अवैध रूप से शराब बिकती है, वहां नगर थाना पुलिस द्वारा छापेमारी नहीं की जाती हैं और जहां नहीं मिलती है वहां जबरदस्ती पुलिस छापेमारी करती है.

