नई दिल्ली:- शिवसेना के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि चार राज्यों, खासकर असम और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के नतीजे राष्ट्रीय राजनीति की आगे की दिशा तय करेंगे. राउत ने संवाददाताओं से कहा कि असम में भाजपा सत्ता में है लेकिन कांग्रेस उसे कड़ी टक्कर दे रही है. राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगा दिया है, लेकिन वह एक शेरनी की तरह लड़ रही हैं और ”यकीनन एक विजेता के तौर पर उभरेंगी.” राज्यसभा में शिवसेना के सांसद ने कहा, ”हम केरल और तमिलनाडु के राजनीतिक मूड का भी अंदाजा लगा सकते हैं.”
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित गैर-भाजपा नेताओं को एक पत्र लिखा था और कहा था कि लोकतंत्र और संविधान पर भाजपा के कथित हमलों के खिलाफ ”एकजुट होकर और प्रभावशाली ढंग से” संघर्ष करने का समय आ गया है और विपक्षी नेताओं को देश के लोगों के लिए एक ”विश्वसनीय विकल्प” पेश करने की कोशिश करनी चाहिए.

