नई दिल्ली: दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों में एक दूसरे पर पलटवार करने की तैयारी शुरू हो गई है. प्रदेश की अरविंद केजरीवाल सरकार पर पलटवार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी नया नारा लेकर आई है.
आप सरकार पर पलटवार करने के लिए भाजपा तमाम रैलियों में पांच साल दिल्ली बेहाल, अब नहीं चाहिए केजरीवाल का नारा लेकर सामने आई. दिल्ली में भाजपा की तमाम रैलियों में इस नारे के माध्यम से केजरीवाल सरकार पर हमला किया जाएगा.
बता दें कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक केजरीवाल सरकार के समर्थन में अच्छे बीते पांच साल, लगे रहो केजरीवाल का नारा लगाते हैं. पार्टी के तमाम बैनर और पोस्टर पर इस नारे का इस्तेमाल केजरीवाल के समर्थन में किया जाता है.
दिल्ली में आगामी चुनाव की रणनीति बनाने के लिए केजरीवाल सरकार नेन राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की कंपनी आई-पैक की मदद ली है जिसे अच्छे दिन का नारा नरेंद्र मोदी के समर्थन में 2014 में बुलंद किए जाने के लिए जाना जाता है.
प्रशांत किशोर ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए 2015 और पंजाब चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए 2017 में अपनी सेवाएं दी थी.
इन नारों के अलावा केजरीवाल ने संविधान क्लब टाउन हॉल में लोगों के तमाम सवालों के भी जवाब दिए. उन्होंने महिला सुरक्षा, मुफ्त इलाज सहित सस्ती बिजली से जुड़े अहम मसलों पर लोगों के सवालों के जवाब दिए. वह लोगों से वादा करते हैं कि आने वाले समय में वह दिल्ली को और साफ सुथरा करेंगे अगर उन्हें दोबारा मौका मिलता है.
केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली को साफ करेंगे, गलियों और सड़कों को साफ करेंगे. हम दिल्ली को इतना साफ करेंगे कि आपको दिल्लीवाला होने पर गर्व होगा.

