नई दिल्लीः मंगलवार को अंतर संसदीय संघ के अध्यक्ष ड्यूएर्ट पाशेको ने संसद में सभी सांसदों को संबोधित किया. उन्होंने अपने भाषण में पुर्तगाल और भारत के रिश्ते के महत्व को बताते हुए कहा कि दोनों देश के 500 साल से ज्यादा पुराने रिश्ते हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देश एक-दूसरे को इतनी अच्छी तरह से जानते हैं कि मैं कहना चाहूंगा कि दोनों देश केवल मित्र ही नहीं बल्कि भाई हैं. वहीं अंतर संसदीय संघ के अध्यक्ष ड्यूएर्ट पाशेको ने सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र में पुर्तगाल सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में सुधार प्रक्रिया और भारत को शामिल करने का समर्थन करता है. इसके अलावा ड्यूएर्ट पाशेको ने आगे कहा कि भारत सभी स्तरों पर दुनिया में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है. स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक, ज्यादा से ज्यादा महिलाओं और युवाओं के समावेशी को देख रहा है. भारत हर व्यक्ति के राजनैतिक और धार्मिक विश्वास का सम्मान करता है. ड्यूएर्ट पाशेको के संबोधन से पहले लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा सक्रिय लोकतंत्र है और देश की 130 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करता है. आजादी के पिछले 74 साल में हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली केवल मजबूत हुई है. अब हम आजादी के 75 साल का आनंद ले रहे हैं.

