रांची:- रांची कोविड से ठीक हो चुके वैसे मरीज, जिन्हें अभी भी कई प्रकार की समस्याएं हो रही हैं. उनका इलाज सोमवार से रिम्स
के पोस्ट कोविड केयर सेंटर में होगा. यहां रोजाना 50 मरीजों को स्क्रीनिंग के लिए बुलाया जाएगा. पीएसएम विभाग के चिकित्सक इन मरीजों की स्क्रीनिंग करेंगे. इसके बाद उन्हें बीमारी से संबंधित
स्पेशलिस्ट डॉक्टर के पास इलाज के लिए भेजेंगे. प्रबंधन ने रिम्स से ठीक हो चुके कोविड के 2270 मरीजों का डाटा निकाला है. रोज 50 मरीजों की स्क्रीनिंग होगी. एक्सरसाइज, हेल्दी डायट और दवा की दी जानकारी जाएगी. जिन्हें समस्या है, उन्हें बुलाया जाएगा. आगामी 45 दिनों तक रोजाना 50 पोस्ट कोविड के मरीज रिम्स आयेंगे. डायरेक्टर व पीआरओ डॉ वाघमरे प्रसाद कृष्ण ने बताया कि रिम्स में कोई भी पोस्ट कोविड का मरीज स्क्रीनिंग करवा सकता है. कोविड से ठीक होने के बाद मरीजों का शरीर काफी कमजोर हो जाता है. ऐसे में कोई भी बीमारी उनके लिए खतरनाक साबित हो सकती है. स्क्रीनिंग के लिए आने वाले मरीजों के लिए 20 पेज का बुकलेट भी तैयार किया गया है. इसके जरिए मरीज जान पाएंगे कि उन्हें स्वस्थ रहने के लिए कौन-सी एक्सरसाइज करनी है. हेल्दी डाइट लेनी है और कौन सी दवा कब तक खानी है. पोस्ट कोविड के मरीजों ने बताया कि उन्हें बाल झड़ने, कमजोरी, सांस फूलना, थकान, सीने में दर्द, किडनी में परेशानी, अनियंत्रित डायबिटीज, सिर दर्द औरवजन कम होने जैसी समस्याएं हो रही हैं.

