ब्यूरो चीफ,
रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में काफी सोची-समझी रणनीति की तर्ज पर सत्तारूढ़ दल भाजपा ने जनता तक संदेश देना शुरू कर दिया है.
राजधानी रांची समेत सभी प्रमुख शहरों में भाजपा के होर्डिंग्स लगाये गये हैं. जिसमें झारखंड पुकारा, भाजपा दुबारा के नारे दिये गये हैं.
झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करने का आग्रह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ की तस्वीर के साथ की गयी है.
कई पोस्टरों और होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ही हैं. इसमें सरकार की पांच साल की उपलब्धियों का बखान करते हुए फिर से भाजपा को सत्ता दिलाने की बातें कही गयी हैं.
शहरों में लगाये गये होर्डिंग्स से भी विकास की बातों के जरिये मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की गयी है.
इतना ही नहीं भाजपा की आईटी सेल की तरफ से प्रचार सामग्रियों की तैयारियां और डिजाइनिंग भी की जा रही है. सोशल साइट में भी कई हैज टैग के जरिये प्रचार प्रसार किया जा रहा है.
ट्वीटर में भाजपा ने @BJP4Jharkhand, #Abkibaar65par, #BJPwaveinJharkhand, #RaghubarForCMagain जैसे मीडिया अकाउंट तैयार किये गये हैं.
इसके अलावा BJPlive से भी जनता तक अपनी बातों को रखने का प्रयास किया जा रहा है.
भाजपा के प्रचार-प्रसार के आगे अभी अन्य दल पिछड़ रहे हैं. झामुमो, आजसू, कांग्रेस जैसी पार्टियां फिलहाल सोशल मिडिया अकाउंट को नहीं भुना पा रही हैं. हालांकि सभी ने चुनाव को लेकर भारी-भरकम तैयारियां कर रखी हैं.

