रांची: डीवीसी की ओर से राज्य के सात जिलों में बिजली कटौती शुरू कर दी गयी है. इसके लिए जुलाई से डीवीसी जेबीवीएनएल से पत्राचार कर रही है. अक्टूबर में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद भी मामले का कोई हल नहीं निकला. जिसके बाद फिर से डीवीसी ने जेबीवीएनएल को दिसंबर के शुरुआती दिनों में 20 दिसंबर तक का अल्टीमेटम दिया. जेबीवीएनएल की ओर से डीवीसी को 150 करोड़ देने की तैयारी की जा रही थी. लेकिन 20 दिसंबर तक सिर्फ 50 करोड़ दिया गया, जिसके बाद डीवीसी ने बिजली कटौती शुरू की.
वहीं जेबीवीएनएल के अधिकारियों की मानें तो बकाया भुगतान पर लगातार काम किया जा रहा है. जैसे-जैसे राजस्व वसूली हो रही है. डीवीसी को भुगतान किया जायेगा. बता दें कि डीवीसी का जेबीवीएनएल के पास लगभग पांच हजार करोड़ बकाया है. फिलहाल 27 दिसंबर तक 30 प्रतिशत बिजली कटौती की जा रही है. जो 600 मेगावाट का 180 मेगावाट है. 28 दिंसबर से 40 प्रतिशत बिजली कटौती होगी. जो तीन जनवरी तक जारी रहेगा. वहीं चार से दस जनवरी के बीच 50 प्रतिशत बिजली कटौती करने का अल्टीमेटम दिया गया है.

