किसान रैली की तैयारियों को देंगे अंतिम रूप
रांची:- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव कल से तीन दिवसीय उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरे के क्रम में वे विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा 20 फरवरी को हजारीबाग में प्रस्तावित किसान रैली को सफल बनाने के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे और पार्टी बैठकों में हिस्सा लेंगे.
पार्टी के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि हजारीबाग की रैली की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमेटी के अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव 18 फरवरी को हजारीबाग जाएंगे और रात्रि विश्राम वहीं करेंगे. जबकि 19 फरवरी को प्रदेश अध्यक्ष गिरिडीह जाएंगे और पार्टी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक करेंगे.
हजारीबाग में 20 फरवरी को प्रस्तावित रैली की तैयारी के सिलसिले में डॉ0 उरांव ने 16 फरवरी को भी हजारीबाग और रामगढ़ का दौरा किया था. प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि इस किसान रैली को पार्टी के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह भी संबोधित करेंगे.

